

निवाड़ी। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए 21 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त की है। कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत 3 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार 19 सितंबर 2026 को ओरछा तहसील के ग्राम कुम्हर्राखास एवं जिजौरा में आबकारी विभाग की टीम ने अवैध मदिरा के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों से कुल 21 लीटर हाथभट्टी मदिरा बरामद कर जब्त की गई।
यह कार्रवाई निवाड़ी कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती अमृता जैन के मार्गदर्शन में की गई। वृत प्रभारी उप निरीक्षक सपना यादव की निगरानी में आबकारी उपनिरीक्षक दीपा मरकाम के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
अभियान के दौरान आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के संग्रहण एवं विक्रय में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
आबकारी विभाग के अनुसार अवैध मदिरा का कारोबार कानूनन अपराध होने के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर रूप से हानिकारक हो सकता है। जिला प्रशासन ने अवैध रूप से मदिरा का संग्रहण अथवा विक्रय करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक दीपा मरकाम के साथ आबकारी आरक्षक अवधेश अहिरवार, साहिल अग्रवाल, शुभम चौधरी एवं प्रहलाद प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

