त्योहार स्पेशल ट्रेन को हरपालपुर में ठहराव, निवाड़ी के तीनों स्टेशनों को फिर किया नजरअंदाज

निवाड़ी। दीपावली त्योहार को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल द्वारा प्रयागराज से हजरत निजामुद्दीन के बीच त्योहार विशेष रेलगाड़ी का संचालन किया जा रहा है। ट्रेन का छतरपुर जिले के हरपालपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव निर्धारित किया गया है, लेकिन निवाड़ी जिले के टेहरका, निवाड़ी और ओरछा रेलवे स्टेशनों पर इसका ठहराव नहीं दिया गया है। इससे जिले के रेल यात्रियों में निराशा देखी जा रही है।
झांसी मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 04183 प्रयागराज-हजरत निजामुद्दीन त्योहार विशेष का संचालन 20 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को किया जाएगा। यह ट्रेन प्रयागराज से दोपहर 3:25 बजे रवाना होकर मानिकपुर, चित्रकूट, बांदा, महोबा, कुलपहाड़, हरपालपुर, मऊरानीपुर, झांसी, ग्वालियर, आगरा और मथुरा होते हुए हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 04184 हजरत निजामुद्दीन-प्रयागराज त्योहार विशेष का संचालन 21 अक्टूबर से 2 दिसंबर तक प्रत्येक बुधवार को किया जाएगा। यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से दोपहर 3:45 बजे रवाना होकर मथुरा, आगरा, ग्वालियर, झांसी, मऊरानीपुर, हरपालपुर, कुलपहाड़, महोबा, बांदा, चित्रकूट और मानिकपुर होते हुए प्रयागराज पहुंचेगी।
तीनों स्टेशनों पर नहीं मिलेगा ठहराव
त्योहार विशेष ट्रेन के दोनों दिशाओं में हरपालपुर के बाद मऊरानीपुर और फिर झांसी में ठहराव निर्धारित किया गया है। इसके बीच निवाड़ी जिले के टेहरका, निवाड़ी एवं ओरछा रेलवे स्टेशन पड़ते हैं, लेकिन इनमें से किसी भी स्टेशन को ट्रेन का ठहराव नहीं मिला है। ऐसे में दीपावली के दौरान आने-जाने वाले यात्रियों को इस विशेष ट्रेन की सुविधा का लाभ लेने के लिए हरपालपुर, मऊरानीपुर या झांसी जैसे दूसरे स्टेशनों तक जाना पड़ेगा।
निवाड़ी जिले में तीन प्रमुख रेलवे स्टेशन होने के बावजूद त्योहार विशेष ट्रेन का किसी भी स्टेशन पर ठहराव नहीं दिए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी और निराशा है। लोगों का कहना है कि दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में जिले के कम से कम निवाड़ी या ओरछा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव दिया जाना यात्रियों के लिए सुविधाजनक रहता। लोगों ने रेलवे से इस संबंध में पुनर्विचार कर जिले के किसी प्रमुख स्टेशन पर ठहराव दिए जाने की मांग की है।