रास्ता पूछने के बहाने दंपती को रोककर, जेवर-नकदी लूटने वाले गिरोह का खुलासा
एक आरोपी गिरफ्तार, 1.05 लाख रुपये की पल्सर बाइक और नकदी बरामद; दो आरोपियों की तलाश जारी

निवाड़ी। ओरछा थाना क्षेत्र की चकरपुर चौकी पुलिस ने 13 सितंबर को बुंदेला बाबा के पास हाईवे पुल पर दंपती से हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में उसके हिस्से के 5,350 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 1 लाख 5 हजार 350 रुपये बताई गई है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 13 सितंबर 2026 की शाम करीब 6.40 बजे फरियादी बालकिशन सेन निवासी मकड़ारी, थाना बसई, जिला दतिया अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। बुंदेला बाबा हाईवे पुल के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोका और उनकी भैया की बहू राखी सेन के पहने हुए सोने के आभूषण, जिसमें कमर की करधोनी, सोने की बीजासेन तथा ओम-बाला लॉकेट शामिल था, लूटकर फरार हो गए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना ओरछा में अपराध क्रमांक 386/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
150 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निवाड़ी डॉ. रायसिंह नरवरिया के निर्देशन तथा अनु. अधि. (पुलिस) निवाड़ी के.के. पांडे के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई। आरोपियों की सूचना देने पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने घटना से जुड़े मार्गों पर लगे 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान झांसी नगर निगम के सीसीटीवी कैमरों में घटना के समय संदिग्ध मोटरसाइकिल दिखाई दी। मोटरसाइकिल के नंबर यूपी 79 एई 6777 की जांच करने पर उसका ऑनलाइन चालान जनपद औरैया, उत्तर प्रदेश में कटना सामने आया। इसके बाद साइबर टीम की मदद से संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई गई और उन पर निगरानी रखी गई।
पूछताछ में दो साथियों के नाम बताए
पुलिस ने 25 सितंबर को संदिग्ध आरोपी निजाम पिता बबलू मंसूरी, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम औतो, थाना दिबियापुर, जनपद औरैया, उत्तर प्रदेश को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई आजम मंसूरी और दोस्त प्रमोद के साथ मिलकर लूट की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर लूट की रकम में उसके हिस्से में मिले 10 हजार रुपये में से शेष 5,350 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
दो आरोपी अभी फरार
पुलिस के अनुसार मामले में आजम मंसूरी पिता बबलू मंसूरी निवासी ग्राम औतो, थाना दिबियापुर, जनपद औरैया तथा प्रमोद दोहरे निवासी बान, थाना मंगलपुर, जिला कानपुर देहात की गिरफ्तारी शेष है। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई है। लूटे गए सोने के आभूषण भी फरार आरोपियों से बरामद होना शेष बताया गया है।
रास्ता पूछने के बहाने करते थे वारदात
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी हाईवे एनएच-44 पर मोटरसाइकिल से आने-जाने वाले महिला-पुरुषों को रास्ता पूछने के बहाने रोकते थे और मौका पाकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश में लूट और चोरी सहित करीब एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में अनु. अधि. (पुलिस) निवाड़ी के.के. पांडे, थाना प्रभारी ओरछा निरीक्षक जितेंद्र सिंह गुर्जर, चकरपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज कुमार लोधी, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक कुलदीप यादव, प्रधान आरक्षक हरिमोहन यादव, गोपाल, सुनील, आरक्षक रविंद्र एवं साइबर सेल के आरक्षक विशाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।