
निवाड़ी। जिला मुख्यालय पर इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। नगर की गली-मोहल्लों में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते घूमते नजर आ रहे हैं। इसी बीच नगर के वार्ड क्रमांक 6 में आवारा कुत्तों ने तीन वर्षीय बच्ची पर हमला कर दिया, जिससे बच्ची लहूलुहान हो गई। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड क्रमांक 6 में मांस-मछली मंडी संचालित होती है। यहां मांस-मछली विक्रय के बाद निकलने वाले अवशेषों को कई बार सड़क किनारे ही छोड़ दिया जाता है। इन अवशेषों को खाने के लिए बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते मंडी और आसपास की सड़कों पर जमा रहते हैं। भोजन को लेकर कुत्तों के बीच होने वाली झड़प और उनका आक्रामक व्यवहार राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि पैदल राहगीरों के साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को भी इन कुत्तों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। रात के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है तथा कई मोहल्लों में लोगों को आने-जाने में डर बना रहता है।
तीन वर्षीय बच्ची पर हुए हमले की घटना के बाद नगर की सफाई व्यवस्था और आवारा कुत्तों की रोकथाम को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और नगर परिषद से आवारा कुत्तों की समस्या पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने तथा मांस-मछली के अवशेषों के उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी घटना हो सकती है।

