

निवाड़ी। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश टीकमगढ़ श्रीमती प्रवीणा व्यास ने 25 सितंबर 2026 को सब जेल निवाड़ी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल की साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था, उपचार, मुलाकात व्यवस्था सहित बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के समय सहायक जेल अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह कुशवाह सहित ड्यूटी पर तैनात जेल स्टाफ उपस्थित रहा। जेल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषप्रद पाई गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया, जो निरीक्षण के दौरान अच्छी पाई गई। उन्होंने किचिन में टाइल्स लगवाने का सुझाव दिया, जिससे साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने में सुविधा हो सके।
बंदियों ने व्यवस्थाओं पर जताया संतोष
निरीक्षण के दौरान बंदियों से जेल में उपलब्ध भोजन, उपचार, मुलाकात व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली गई। बंदियों ने व्यवस्थाओं को अच्छा बताते हुए जेल प्रशासन के प्रति संतोष व्यक्त किया। इस दौरान किसी भी बंदी द्वारा कोई शिकायत नहीं की गई।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बंदियों से उनके अधिवक्ताओं के संबंध में भी जानकारी ली और उन्हें उनके विधिक अधिकारों के बारे में अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि जेल में ऐसा कोई बंदी परिरुद्ध नहीं है, जिसकी जमानत स्वीकृत हो चुकी हो और जमानत प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण वह रिहाई से वंचित हो।
104 पुरुष बंदी मिले परिरुद्ध
निरीक्षण के समय सब जेल निवाड़ी में कुल 104 पुरुष बंदी परिरुद्ध पाए गए। इनमें 2 दंडित बंदी, 1 सिविल बंदी और 101 विचाराधीन बंदी शामिल हैं। दंडित बंदियों द्वारा बताया गया कि उनकी अपील अपीलीय न्यायालय में लंबित है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी टीकमगढ़ श्री आशीष कुमार केसरवानी, सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण न्यायालय टीकमगढ़ श्रीमती सुनीता गोयल तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी टीकमगढ़ श्री अनुज कुमार चंसोरिया भी उपस्थित रहे।

