शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगा शिविर, 66 शिकायतें प्राप्त

निवाड़ी। सेवा संकल्प अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देश एवं जिला शिक्षा अधिकारी उन्मेष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में रविवार 27 सितंबर को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय निवाड़ी में शिक्षक समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के शिक्षकों से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों को प्राप्त कर उनके निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई।
शिविर में विकासखंडवार दल गठित कर शिक्षकों से आवेदन प्राप्त किए गए। पृथ्वीपुर विकासखंड से संबंधित शिकायतें विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री एनके अहिरवार के दल द्वारा तथा निवाड़ी विकासखंड की शिकायतें विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री अटल बिहारी शर्मा के दल द्वारा प्राप्त की गईं। शिविर में संबंधित संकुल प्राचार्य अपने-अपने लिपिकों के साथ उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान पृथ्वीपुर विकासखंड से 41 तथा निवाड़ी विकासखंड से 25, कुल 66 शिकायतें प्राप्त हुईं। सभी शिकायतों का पंजीयन किया गया है तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
शिक्षक समस्या निवारण शिविर के माध्यम से शिक्षकों को अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला। शिविर में आरडी भदकारिया, राम प्रसाद केवट, रविंद्र सिंह तोमर, विजय पटेल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।