किसानों, मजदूरों और शोषित वर्ग की आवाज थे दिनेश तिवारी: छठवीं पुण्यतिथि पर नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

निवाड़ी। किसानों, मजदूरों, गरीबों एवं शोषित वर्ग के हितों के लिए हमेशा संघर्षरत रहे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता स्वर्गीय दिनेश तिवारी की छठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तिवारी परिवार द्वारा सुंदरकांड पाठ, कन्या भोज एवं ब्राह्मण भोज का आयोजन किया गया। साथ ही निवाड़ी नगर के विभिन्न मंदिरों के पुजारियों का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में निवाड़ी के सर्वसमाज के लोगों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेता एवं कार्यकर्ता तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने स्वर्गीय दिनेश तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक एवं जनहित के कार्यों को याद किया।
इस अवसर पर उनके पुत्र सौरभ तिवारी एवं समीर तिवारी ने कहा कि उनके पिता ने हमेशा किसानों, मजदूरों, गरीबों और शोषित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई को प्राथमिकता दी। उनके पिता के साथ राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में जुड़े रहे विभिन्न दलों के साथी और मित्र आज श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उन्होंने कहा कि जिन गरीब, मजदूर और किसान परिवारों की समस्याओं के लिए उनके पिता हमेशा आगे बढ़कर संघर्ष करते रहे, उन परिवारों के लोगों ने भी उपस्थित होकर भावुक श्रद्धांजलि अर्पित की।
परिवार की ओर से उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय दिनेश तिवारी के छोटे भाई एवं पत्रकार फेडरेशन मध्यप्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश तिवारी ने श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए सभी अतिथियों, समाजजनों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
पुण्यतिथि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय दिनेश तिवारी के जनसेवा और संघर्षपूर्ण जीवन को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी व्यक्त किया।