बुजुर्ग महिला से झपटमारी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 1.95 लाख का मशरूका बरामद
बनगांय में घर के बाहर बैठी वृद्धा के गले और कानों से सोने के जेवर झपटकर भागे थे आरोपी, सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से पुलिस ने दबोचा

निवाड़ी। ओरछा थाना क्षेत्र की चकरपुर चौकी पुलिस ने ग्राम बनगांय में वृद्ध महिला से हुई झपटमारी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 1 लाख 95 हजार 600 रुपए का मशरूका बरामद किया है। इसमें सोने का मंगलसूत्र, कनफूल मय चेन, सोने की गुरिया, टूटी हुई माला, मोबाइल फोन और नकदी शामिल है।
घर के बाहर बैठी वृद्धा से की थी झपटमारी
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर 2026 की शाम करीब 4:30 बजे ग्राम बनगांय निवासी वृद्ध महिला लाड़कुंवर घर के बाहर ओरछा-बनगांय मार्ग पर चबूतरे पर बैठी थीं। इसी दौरान तीन युवक वहां से गुजरे और उनके गले तथा कानों में पहने सोने के मंगलसूत्र एवं कनफूल मय जंजीर को झपटकर फरार हो गए।
घटना के संबंध में महिला के पौत्र नीलेश यादव ने 25 सितंबर को चकरपुर चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले में थाना ओरछा में अपराध क्रमांक 414/26 के तहत धारा 304, 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और मुखबिरों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निवाड़ी डॉ. रायसिंह नरवरिया के निर्देशन एवं अनु. अधि. (पुलिस) निवाड़ी के.के. पांडे के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिरों को सक्रिय कर संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई।
पुलिस के अनुसार घटना के समय तीन युवकों के एक टैक्सी में बैठने की जानकारी मिली। टैक्सी चालक द्वारा युवकों की आपसी बातचीत के दौरान लिए गए नामों के आधार पर पुलिस को नगरा क्षेत्र के प्रिंस, जितेंद्र और रोहन के संबंध में सुराग मिला।
दो आरोपी पहले पकड़े, पूछताछ में तीसरे का नाम सामने आया
पुलिस ने 27 सितंबर को हिमेश उर्फ प्रिंस शाक्य निवासी नगरा और जितेंद्र अहिरवार निवासी श्रीनगर को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को रोहन कुशवाहा निवासी नगरा के साथ मिलकर वारदात करना बताया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों की निशानदेही पर बनगांय हार स्थित माता मंदिर के पास पहाड़ी क्षेत्र से उनके हिस्से में आए तीन-तीन सोने की गुरिया बरामद की गईं, जिनकी कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है।
तीसरे आरोपी से 1.60 लाख के सोने के जेवर बरामद
पुलिस ने तीसरे आरोपी रोहन कुशवाहा निवासी नगरा के कब्जे से एक सोने का मंगलसूत्र, दो कनफूल मय चेन, दो सोने की गुरिया और टूटी हुई माला बरामद की। इन जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है।
इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एआई प्लस कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल करीब 13 हजार रुपए, 600 रुपए नकद तथा पूर्व में आरोपी जितेंद्र से एक कीपैड मोबाइल करीब 2 हजार रुपए का भी बरामद किया। पुलिस के अनुसार कुल बरामद मशरूका करीब 1 लाख 95 हजार 600 रुपए है।
उत्तर प्रदेश में भी आपराधिक मामले दर्ज होने का दावा
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों के पूर्व में उत्तर प्रदेश में लूट, चोरी और हत्या जैसी वारदातों में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ करीब एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों की विस्तृत जानकारी संबंधित रिकॉर्ड से सत्यापित की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में अनु. अधि. (पुलिस) निवाड़ी के.के. पांडे, थाना प्रभारी ओरछा निरीक्षक जितेंद्र सिंह गुर्जर, चकरपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज कुमार लोधी, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक कुलदीप यादव, प्रधान आरक्षक हरिमोहन यादव, गोपाल, सुनील, आरक्षक रविन्द्र एवं साइबर टीम के आरक्षक विशाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।