सीएम मोहन यादव ने पीएम मोदी से की मुलाकात, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 का दिया न्योता
निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन समेत प्रदेश की योजनाओं की दी जानकारी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1 अक्टूबर को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को मध्यप्रदेश में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने, औद्योगिक विकास को गति देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। साथ ही मध्यप्रदेश में विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों में हुई प्रगति से भी उन्हें अवगत कराया।
डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री को ‘किसान कल्याण वर्ष-2026’ के तहत किसानों के हित में लिए गए निर्णयों, बलराम कृषि महोत्सव, सांदीपनि विद्यालयों की उपलब्धियों तथा मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के संबंध में भी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी एवं विकासपरक पहलों की प्रगति से भी प्रधानमंत्री को अवगत कराया। मुलाकात में मध्यप्रदेश के विकास, निवेश और रोजगार से जुड़े प्रयासों पर चर्चा हुई।
यह मुलाकात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नई दिल्ली दौरे के दौरान हुई, जिसकी पुष्टि प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी की है।