




निवाड़ी, 02 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर निवाड़ी नगर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त निवाड़ी बनाने का संदेश दिया गया।
गांधी जयंती के अवसर पर नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों एवं महिला सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया गया। इस दौरान प्रतिदिन नगर की स्वच्छता के लिए किए जा रहे उनके कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नगर के दुकानदारों एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों के संचालकों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें ग्राहकों को भी पॉलीथिन के स्थान पर कपड़े के बैग, थैले एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए जागरूक करने का संदेश दिया गया।
बड़े तालाब परिसर में हुआ सामूहिक पौधारोपण
गांधी जयंती के अवसर पर बड़े तालाब परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक निवाड़ी श्री अनिल जैन, सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटेरिया, नगर परिषद निवाड़ी अध्यक्ष श्री गुलाब अहिरवार, श्री नंदकिशोर नापित सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने पौधारोपण किया।
इस अवसर पर एसडीएम श्री अशोक कुमार सेन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री मनीषा जैन सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए स्वच्छ, सुंदर, हरित एवं प्लास्टिक मुक्त निवाड़ी बनाने का संदेश दिया गया।

