
निवाड़ी। रेलवे स्टेशन से अंबेडकर तिराहे तक प्रस्तावित डिवाइडर युक्त सड़क निर्माण में बाधक माने जा रहे अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया एक बार फिर शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने रेलवे स्टेशन मार्ग पर अतिक्रमण की जद में आने वाले मकान और दुकानों की दीवारों पर अतिक्रमण हटाने की निर्धारित सीमा अंकित कर दी है। सीमा निर्धारित होने के बाद संबंधित संपत्ति मालिकों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।
रेलवे स्टेशन से अंबेडकर तिराहे तक तथा बायपास मार्ग से तिगैला तक डिवाइडर युक्त सड़क निर्माण की प्रक्रिया पिछले कई वर्षों से चल रही है। तिगैला मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है, जबकि रेलवे स्टेशन मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पहले भी दो बार शुरू हो चुकी है। अब तीसरी बार लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि बीते रोज लोक निर्माण विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन मार्ग से अंबेडकर तिराहे तक सड़क निर्माण में बाधा माने जा रहे अतिक्रमण की सीमा तय करते हुए संबंधित मकानों और दुकानों की दीवारों पर निशान लगाए हैं। इसके माध्यम से संबंधित लोगों को निर्धारित सीमा के भीतर आने वाले निर्माण को हटाने के लिए संकेत दिया गया है। कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
अंबेडकर तिराहे तक तय की गई सीमा
इस बार अतिक्रमण हटाने की निर्धारित सीमा अंबेडकर तिराहे तक अंकित की गई है। पूर्व में रेलवे स्टेशन की ओर से पेट्रोल पंप के आगे स्थित मकानों से लेकर अंबेडकर तिराहे पर बनी नगर पालिका की दुकानों तक सीमा तय की गई थी। अब अंबेडकर तिराहे पर नगर पालिका की दुकानों के सामने बने मकान पर भी अतिक्रमण हटाने की निर्धारित सीमा अंकित की गई है।
दीवारों पर सीमा अंकित किए जाने के बाद रेलवे स्टेशन से अंबेडकर तिराहे के बीच रहने वाले और कारोबार करने वाले लोगों में कार्रवाई को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बारिश के कारण रोक दी गई थी कार्रवाई
रेलवे स्टेशन से बायपास तिराहे तक डिवाइडर युक्त सड़क निर्माण में बाधा माने जा रहे अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया अगस्त माह में शुरू की गई थी। इस दौरान सिविल लाइन क्षेत्र के निवासियों द्वारा वर्षाकाल में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं किए जाने संबंधी नियम का हवाला देते हुए कार्रवाई रोकने की मांग की गई थी। इसके बाद प्रक्रिया रोक दी गई थी।
अब 30 सितंबर को वर्षाकाल समाप्त होने के बाद लोक निर्माण विभाग ने एक बार फिर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी क्रम में संबंधित संपत्तियों पर अतिक्रमण हटाने की निर्धारित सीमा अंकित की जा रही है। इससे रेलवे स्टेशन मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण और डिवाइडर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

