
आदिवासी समुदाय को 28 विभागों की योजनाओं का मिलेगा लाभ
___________________________________________
पृथ्वीपुर। सांदीपनी उच्च माध्यमिक विद्यालय में ‘धरती आबा ग्राम जनजातीय उत्कर्ष अभियान’ एवं ‘आकांक्षी विकासखंड’ की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जमुना भिड़े ने की। बैठक का उद्देश्य आदिवासी समुदाय तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना रहा।
एक माह में योजनाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य
कलेक्टर जमुना भिड़े ने बताया कि ‘जनजातीय गौरव वर्ष’ के अंतर्गत आकांक्षी विकासखंड पृथ्वीपुर की 35 ग्राम पंचायतों के 42 गांवों में ‘धरती आबा ग्राम जनजातीय उत्कर्ष अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत अनुसूचित जनजाति समुदाय को शासन के 28 विभागों की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए एक माह का विशेष लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल विकास तथा मूलभूत सुविधाओं से जुड़े ‘संपूर्णता अभियान’ में 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
ऑनलाइन जनसुनवाई से जुड़ेंगी पंचायतें
बैठक में बताया गया कि आगामी मंगलवार से पृथ्वीपुर विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय ऑनलाइन जनसुनवाई से सीधे जुड़ेंगी। इससे ग्रामीणों को समस्याओं के निराकरण के लिए जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा और शिकायतों का त्वरित समाधान हो सकेगा।
मेधावी छात्राओं का सम्मान
कार्यक्रम में 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाली छात्राओं का सम्मान भी किया गया। कलेक्टर जमुना भिड़े ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, स्कूल स्टाफ एवं छात्राओं के अभिभावक भी मौजूद रहे।
