भोपाल। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मध्यप्रदेश एनीमिया मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। यह उपलब्धि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में लागू की गई ठोस नीतियों और योजनाओं के सफल संचालन का परिणाम मानी जा रही है।
प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में एनीमिया की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए गए। साथ ही नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, आयरन एवं फोलिक एसिड की दवाओं का वितरण, पोषण आहार उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने जैसे प्रभावी कदम उठाए गए।
सरकार ने आंगनवाड़ी केंद्रों, स्कूलों और स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से विशेष अभियान संचालित कर गर्भवती महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जिसके चलते मध्यप्रदेश को एनीमिया मुक्त भारत अभियान में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और अभियान से जुड़े सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज ही विकसित प्रदेश की आधारशिला है और इसी लक्ष्य को लेकर सरकार निरंतर कार्य कर रही है।