मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये सहायता राशि देने की घोषणा

___________________________________________


भोपाल/देवास। देवास जिले के टोंकखुर्द क्षेत्र में हुई भीषण पटाखा फैक्ट्री विस्फोट घटना के बाद मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों पर तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार एसडीएम संजीव सक्सेना, टप्पा चिडावद तहसील टोंकखुर्द के नायब तहसीलदार रवि शर्मा तथा एसडीओ (पुलिस) दीपा मांडवे को निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान एसडीएम संजीव सक्सेना एवं नायब तहसीलदार रवि शर्मा को देवास कलेक्टर कार्यालय से संबद्ध किया गया है, जबकि एसडीओ (पुलिस) दीपा मांडवे को भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय अटैच किया गया है। शासन की ओर से इनके निलंबन आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
संभागायुक्त द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि एसडीएम संजीव सक्सेना एवं नायब तहसीलदार रवि शर्मा ने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही, उदासीनता एवं अनियमितता बरती, जिसके चलते यह गंभीर घटना हुई। उनका यह कृत्य अनुशासनहीनता एवं कदाचरण की श्रेणी में पाया गया है।
वहीं गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि 14 मई को देवास जिले की तहसील टोंकखुर्द स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कई लोगों की मृत्यु हुई तथा अनेक लोग गंभीर रूप से घायल हुए। एसडीओ (पुलिस) दीपा मांडवे द्वारा समय-समय पर शासन स्तर से जारी निर्देशों के अनुरूप फैक्ट्री का निरीक्षण नहीं किया गया और न ही वरिष्ठ कार्यालय को आवश्यक प्रतिवेदन भेजा गया। इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही माना गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि इस घटना के किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजने एवं घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।