निवाड़ी। जिले में अवैध उत्खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने मंगलवार सुबह निवाड़ी एवं प्रतापपुरा क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध परिवहन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए।
जिला खनिज अधिकारी डॉ. अजय मिश्रा के निर्देशन में खनिज निरीक्षक किशन त्रिपाठी, प्रभारी खनिज निरीक्षक बृजेश कुमार तथा टीम सदस्य हनीफ, देवानंद और पंकज शुक्ला ने सुबह 6 बजे से कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान दोनों वाहन बिना वैध दस्तावेज एवं रॉयल्टी पर्ची के खनिज डस्ट का परिवहन करते पाए गए।
कार्रवाई के तहत निवाड़ी से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा प्रतापपुरा से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली निवाड़ी एवं नाराई चौकी की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन या खनिजों का अवैध परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने ऐसे मामलों में संलिप्त भू-माफियाओं एवं वाहन स्वामियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
विभाग ने बताया कि इससे पूर्व 15 मई की रात ग्राम प्रतापपुरा में भी कार्रवाई करते हुए खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे दो हाइवा वाहन (16 चक्का एवं 18 चक्का) जब्त किए गए थे, जिन्हें नाराई चौकी में रखा गया है। प्रशासन ने कहा कि अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।