
बस्तर (छत्तीसगढ़)। माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित ‘मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक’ में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सहभागिता की। बैठक में मध्यप्रदेश की सहकारिता, साइबर सुरक्षा, शिक्षा, शहरी विकास, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, डिजिटल अवसंरचना तथा दुग्ध उत्पादन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की जानकारी साझा की गई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश ने निर्धारित समय सीमा से पूर्व नक्सल समस्या का उन्मूलन किया है। उन्होंने ‘नक्सल मुक्त भारत’ अभियान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
बैठक में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास हेतु नए लक्ष्य निर्धारित किए गए। पूर्व में प्रभावित रहे गांवों के लिए 330 करोड़ रुपये की माइक्रो डेवलपमेंट योजना लागू की गई है। इसके अंतर्गत सड़क, पुल, मोबाइल टॉवर तथा नई सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तार किया जा रहा है।
बैठक में सुशासन, जनकल्याण, सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई। इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ, पुष्कर सिंह धामी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री सहित कई जनप्रतिनिधि एवं मंत्री उपस्थित रहे।
