ओरछा। धर्मनगरी ओरछा स्थित हरदौल बैठका परिसर में बीती रात हुई आगजनी की घटना में कई दुकानों के जलकर खाक हो जाने से दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। आग की इस घटना में मनिहारी, चूड़ी, पूजन सामग्री सहित अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, विधायक निवाड़ी अनिल जैन एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। कलेक्टर ने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा साझा की और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को घटना की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आग लगने के कारणों का पता लगाया जाए। यदि किसी की जानबूझकर की गई हरकत सामने आती है तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्रशासन द्वारा प्रभावित दुकानदारों को आरबीसी मद से 12 हजार रुपये तथा विधायक स्वेच्छानुदान से 5 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।
इस दौरान महेश केवट, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष संजय नकीब, नगर परिषद उपाध्यक्ष अनिल यादव, सोनू कड़ा, एसडीओपी के.के. पाण्डे, तहसीलदार सुनील कुमार, थाना प्रभारी रामबाबू शर्मा सहित स्थानीय दुकानदार मौजूद रहे।