निवाड़ी। हेमंत खंडेलवाल अपने अल्प प्रवास के दौरान धार्मिक नगरी ओरछा पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध रामराजा सरकार मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। प्रवास के दौरान उन्होंने संगठनात्मक बैठकों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
ओरछा आगमन पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया एवं विधायक अनिल जैन ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र वरुआ, सह मीडिया प्रभारी प्रदीप राजोरिया सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मीडिया से चर्चा करते हुए श्री खंडेलवाल ने बताया कि भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक अब जुलाई माह में ओरछा में आयोजित की जाएगी। पहले यह बैठक जून में प्रस्तावित थी, लेकिन संगठनात्मक कारणों एवं विस्तृत तैयारी के चलते इसे एक माह आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि उनका मूल कार्यक्रम छतरपुर और सागर प्रवास का था, लेकिन ओरछा आने का अवसर मिलने पर वे रामराजा सरकार के दर्शन के लिए पहुंचे।
उन्होंने कहा कि ओरछा की धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान देशभर में विशेष महत्व रखती है और यहां आकर उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति हुई। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की सक्रियता और जनता के विश्वास पर आधारित होती है।
सोशल मीडिया पर चल रहे विभिन्न ट्रेंड्स को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि समय और परिस्थितियों के अनुसार कई विषय चर्चा में आते रहते हैं और वे इस विषय पर अधिक टिप्पणी नहीं करना चाहते।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आगामी प्रदेश कार्यसमिति बैठक एवं संगठन विस्तार को लेकर पार्टी की सक्रियता लगातार बढ़ती नजर आ रही है।