निवाड़ी। गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर ग्राम पंचायत घूघसी में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान के जिला स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने अधिकारियों के साथ बस से यात्रा कर ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री के ऊर्जा संरक्षण और मितव्ययता के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए प्रभारी मंत्री ने सामूहिक परिवहन को बढ़ावा देने की बात कही। कार्यक्रम में कलेक्टर जमुना भिड़े, डॉ. राय सिंह नरवरिया, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जिला अधिकारी भी बस से कार्यक्रम स्थल पहुंचे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अनावश्यक खर्चों में कमी लाकर संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सकता है। सरकारी कार्यक्रमों में सामूहिक परिवहन अपनाने से ईंधन की खपत कम होगी, साथ ही पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी पहलें बड़े बदलाव का आधार बनती हैं और सभी को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया, नंदकिशोर नापित, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।