निवाड़ी। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने निवाड़ी निवासी अभिलाषा साहू द्वारा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के तहत स्थापित मिनी कोल्ड स्टोरेज यूनिट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने यूनिट की लागत, प्राप्त अनुदान तथा संचालन संबंधी जानकारी ली। संचालक अभिलाषा साहू ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज में मटर, टमाटर, हरी मिर्च, खोवा, पनीर सहित अन्य कृषि उत्पादों का भंडारण किया जाता है, जिससे उचित समय पर बेहतर कीमत मिलने पर उत्पादों का विक्रय किया जा सके। इससे न केवल उन्हें लाभ हो रहा है, बल्कि आसपास के किसानों को भी भंडारण की सुविधा मिल रही है।
प्रभारी मंत्री ने अभिलाषा साहू के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पीएमएफएमई योजना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने किसानों एवं स्थानीय उद्यमियों से खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में आगे आकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
इस दौरान जमुना भिड़े, रोहन सक्सेना, उप संचालक उद्यानिकी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।