

निवाड़ी। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चल रहे “जल गंगा संवर्धन अभियान-2026” के तहत ग्राम पंचायत घूघसी में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ चंदेली तालाब के गहरीकरण कार्य में सामूहिक श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के सहयोग से कलश यात्रा भी निकाली गई, जिसमें प्रभारी मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधि, महिला वालेंटियर एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं शामिल हुईं।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि गंगा दशहरा का पर्व सेवा, परमार्थ और प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि तालाबों का गहरीकरण, सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि “स्वदेश भावना से ही देशहित में कार्य होगा” और जल स्रोतों को बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रभारी मंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जल संरक्षण के कार्य केवल जनसहभागिता से ही सफल हो सकते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को समय निकालकर श्रमदान करना चाहिए, ताकि गांवों में जल स्रोतों को संरक्षित किया जा सके।
कार्यक्रम से पूर्व प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में पक्षियों के लिए पेड़ों पर सकोरे बांधकर उनमें पानी भरा। उन्होंने भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने का संदेश दिया।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री के ऊर्जा संरक्षण के आह्वान पर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों के साथ बस से यात्रा कर ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों में सामूहिक परिवहन अपनाने से ईंधन की खपत कम होगी और पर्यावरण को लाभ मिलेगा।
इस दौरान जमुना भिड़े, डॉ. राय सिंह नरवरिया, रोहन सक्सेना, सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया, नंदकिशोर नापित, मंगेश रमपुरया, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
