तरीचर कला। जिले की नगर पंचायत तरीचरकलां के पास वाली ग्राम पंचायत चचावली क्षेत्र में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे अज्ञात कारणों से गांव के समीप खाली पड़े खेतों में अचानक आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज धुआं और शोरगुल सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए तथा आग को फैलने से रोकने में जुट गए। इसी बीच किसी ग्रामीण ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर परिषद तरीचर कला की सीएमओ सुनीता खरे ने तत्परता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड वाहन को मौके के लिए रवाना किया।
फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने काफी हद तक आग पर नियंत्रण पा लिया था। इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।