निवाड़ी। आगामी ईद पर्व के मद्देनजर सोमवार को थाना कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन एवं मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने ईद का त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।
बैठक के दौरान मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि 28 मई को ईद का पर्व मनाया जाएगा तथा सुबह 8:15 बजे नगर की जामा मस्जिद में विशेष नमाज अदा की जाएगी। थाना कोतवाली प्रभारी बलजीत सिंह जाट ने बताया कि ईद के अवसर पर मस्जिद एवं आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जिससे सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद द्वारा मस्जिद के बाहर छाया एवं बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था भी की जाएगी। बैठक में नगर की ट्रैफिक व्यवस्था तथा मुख्य बाजार में फैले अतिक्रमण को लेकर भी चर्चा की गई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान हबीब खान, नूर मोहम्मद, पुष्पेंद्र प्रजापति, कमलेश चौरसिया सहित जनप्रतिनिधि एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।