निवाड़ी। रीवा में सड़क दुर्घटना में दो जैन आर्यिका माताजी के निधन के बाद दिगंबर जैन समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। घटना की निष्पक्ष जांच एवं जैन संतों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग को लेकर सोमवार को दिगंबर जैन समाज ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में समाजजनों ने बताया कि रीवा में पूज्य आचार्य विद्यासागर जी महाराज की शिष्या आर्यिका श्रुतमति माताजी एवं आर्यिका उपशममती माताजी को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया, जिससे दोनों संतों का दुखद निधन हो गया। जैन समाज ने इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
समाज के लोगों ने आशंका जताई कि यह केवल दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हिंसक घटना भी हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा प्रदेशभर में भ्रमण करने वाले जैन संतों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
इस दौरान सुभाष जैन, लल्लू जैन, संगम जैन, अनुरोध जैन, मनोज जैन, सुनील जैन, आकाश जैन सहित दिगंबर जैन समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।