___________________________________________
निवाड़ी। जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह के निवाड़ी आगमन पर वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 के निवासियों ने रेस्ट हाउस पहुंचकर प्राचीन चंदेलकालीन बांध को पूर्व स्थिति में बहाल कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि खसरा नंबर 618, रकबा 0.894 हेक्टेयर स्थित प्राचीन शासकीय बांध को भूमाफिया प्रमोद कुशवाहा द्वारा जेसीबी मशीन से काटकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। वार्डवासियों ने मांग की कि बांध की तत्काल पुराई कराकर उसे पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए।
आवेदन में बताया गया कि इस संबंध में वार्डवासियों द्वारा कलेक्टर जनसुनवाई में चार बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत के अनुसार 20 मई की मध्य रात्रि में लगभग 10 फीट ऊंचाई एवं 40 फीट से अधिक चौड़ाई में बांध को काट दिया गया और उसकी मिट्टी से रैंप बनाकर निजी भूमि तक रास्ता तैयार किया गया। आरोप है कि इसके बाद वहां से मुरम एवं बालू का खनन कर विक्रय भी किया जा रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि शिकायत के बाद अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं तहसीलदार द्वारा मौके की जांच की गई थी, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके उपरांत तहसीलदार द्वारा 29 दिसंबर 2025 को थाना कोतवाली निवाड़ी में आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
वार्डवासियों ने बताया कि उक्त स्थल पर प्राचीन हनुमान मंदिर स्थित है, जहां श्रद्धालुओं का निरंतर आवागमन रहता है। बांध क्षतिग्रस्त होने से मंदिर आने-जाने में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि प्राचीन जल संरचना एवं धार्मिक आस्था से जुड़े इस बांध को शीघ्र पूर्व स्थिति में बहाल कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
