

निवाड़ी। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक नाबार्ड ने जिले में ग्रामीण विकास, ऋण संवर्धन एवं विकासात्मक योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से निवाड़ी में स्वतंत्र जिला विकास प्रबंधक (DDM) कार्यालय स्थापित किया है। इसके तहत श्री सुनील सागर को जिले का पहला जिला विकास प्रबंधक नियुक्त किया गया है। इससे पहले निवाड़ी जिला टीकमगढ़ जिले के साथ संबद्ध था।
निवाड़ी के ‘प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना’ जिला होने के कारण यहां स्वतंत्र अधिकारी की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे कृषि, ग्रामीण विकास और वित्तीय समन्वय से जुड़े कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर नाबार्ड के सहायक महाप्रबंधक (AGM-DD) मिर्ज़ा फ़ैसल बेग एवं नवनियुक्त जिला विकास प्रबंधक सुनील सागर ने जिला कलेक्टर जमुना भिड़े तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान अधिकारियों ने जिले के कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
मुख्य महाप्रबंधक सी. सरस्वती द्वारा कलेक्टर को सौंपे गए पत्र में बताया गया कि DDM जिले में ऋण योजना निर्माण, उसकी निगरानी तथा बैंकों, लाइन विभागों एवं अन्य हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित करने का कार्य करेंगे।
नाबार्ड द्वारा जिले में सतत एवं समावेशी कृषि, जलग्रहण क्षेत्र विकास, बागवानी (वाड़ी) विकास, किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) के गठन तथा ग्रामीण अवसंरचना विकास निधि (RIDF) के अंतर्गत ग्रामीण बुनियादी ढांचे के निर्माण को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने नाबार्ड की इस पहल का स्वागत करते हुए जिले के सर्वांगीण विकास के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नए कार्यालय की स्थापना से किसानों, कृषक समूहों एवं ग्रामीण क्षेत्रों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
