


जुलाई से केंद्रीय विद्यालय संचालन की तैयारी तेज, रेलवे स्टेशन और ओवर ब्रिज कार्यों का भी लिया जायजा
___________________________________________
निवाड़ी। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर केंद्रीय विद्यालय, रेलवे स्टेशन और रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय संचालन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए भूमि परिवर्तन, हाई वोल्टेज लाइन हटाने तथा आरक्षित भूमि तक पहुंच मार्ग निर्माण के निर्देश जिला प्रशासन को दिए। साथ ही रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने और रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
केंद्रीय मंत्री ने नगर के टैक्सी स्टैंड स्थित पुराने कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल भवन का निरीक्षण किया, जहां आगामी जुलाई माह से केंद्रीय विद्यालय संचालित किए जाने की तैयारी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीडब्ल्यूडी एसडीओ सचिंद्र चौरसिया को भवन की कमियां शीघ्र दूर करने, विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दिल्ली स्थित मंत्रालय में दूरभाष पर चर्चा कर केंद्रीय विद्यालय संचालन से संबंधित प्रक्रिया जल्द पूरी कराने पर भी जोर दिया।
इस दौरान विधायक अनिल जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया, सांसद प्रतिनिधि अनुराग वर्मा, रोहन मनी जैन, संदेश नायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय शुरू होने से जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। साथ ही जिले में पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारी अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए बाहर जाने के बजाय जिला मुख्यालय पर रुक सकेंगे, जिससे जिलेवासियों को भी बेहतर प्रशासनिक लाभ मिलेगा। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति मिलने के बावजूद पिछले दो वर्षों से इसका संचालन प्रारंभ नहीं हो सका है।
बिना काफिले पहुंचे केंद्रीय मंत्री, दिया ईंधन बचत का संदेश
डॉ. वीरेंद्र कुमार बिना फॉलो गार्ड और बड़े वाहन काफिले के जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने अकेले वाहन से भ्रमण कर ईंधन बचाने और सादगी अपनाने का संदेश दिया। लोगों ने उनके इस कदम की सराहना की।
जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा
जिला मुख्यालय पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री ने विधायक अनिल जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया, कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े एवं पुलिस अधीक्षक राय सिंह नरवरिया की उपस्थिति में जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने नगर के तालाबों के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि जलकुंभी और गंदगी हटाकर तालाबों को संरक्षित किया जाए। इसके लिए नगर परिषद, मछुआ समिति, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के सहयोग से अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान का कार्य धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
45 डिग्री तापमान में रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण
भीषण गर्मी और लगभग 45 डिग्री तापमान के बीच केंद्रीय मंत्री ने रेलवे स्टेशन निवाड़ी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं न मिलने पर नाराजगी जताई और डीआरएम झांसी से दूरभाष पर चर्चा कर आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने रेलवे स्टेशन पर प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, दूसरा फुट ओवर ब्रिज, स्टेशन परिसर में पार्क एवं कमर्शियल स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि यात्रियों को भीषण गर्मी में छाया और बैठने की पर्याप्त सुविधा मिलनी चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने स्टेशन के पुराने भवन के रखरखाव पर भी जोर दिया तथा पूर्व में बनाए गए गुणवत्ताहीन प्लेटफॉर्म एवं फुट ओवर ब्रिज में सुधार के निर्देश दिए। रेलवे स्टेशन पर निर्मित नए भवन के स्ट्रक्चर को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि शासन की राशि का सदुपयोग होना चाहिए और यात्रियों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
केंद्रीय मंत्री ने धीमी गति से चल रहे रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण कार्य को लेकर पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह से दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा थर्ड लेग और सर्विस रोड का निर्माण शीघ्र कराया जाए, ताकि जिलेवासियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

