निवाड़ी जिले में 1.10 लाख क्विंटल गेहूं की खरीदी, 1923 किसानों ने बेची उपज

___________________________________________


निवाड़ी। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी अभियान में मध्य प्रदेश ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसी क्रम में निवाड़ी जिले में भी इस वर्ष 1 लाख 10 हजार 75 क्विंटल गेहूं की खरीदी की गई। जिले के 1923 किसानों ने अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचकर शासन की योजना का लाभ प्राप्त किया।
जानकारी के अनुसार गेहूं विक्रय के लिए जिले में 4168 किसानों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 2225 किसानों ने स्लॉट बुक किए। इनमें 1923 किसानों ने खरीदी केंद्रों पर पहुंचकर अपनी उपज का विक्रय किया।
जिले में गेहूं खरीदी के लिए कुल 18 केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 14 समिति स्तर तथा 4 गोदाम स्तर के खरीदी केंद्र शामिल थे। समिति स्तर के केंद्रों पर 1332 किसानों से 75,724.50 क्विंटल गेहूं खरीदा गया, जबकि गोदाम स्तर के केंद्रों पर 591 किसानों से 34,350.50 क्विंटल गेहूं की खरीदी की गई। इस प्रकार जिले में कुल 1,10,075 क्विंटल गेहूं का उपार्जन हुआ।
जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी श्रीमती सरिता अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश शासन द्वारा गेहूं का समर्थन मूल्य 2550 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था। इसके अतिरिक्त 75 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिए जाने के बाद किसानों को कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया गया।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में गेहूं विक्रय के लिए किसानों का पंजीयन 7 फरवरी से 10 मार्च तक किया गया था। सागर संभाग सहित प्रदेश के छह संभागों में 15 अप्रैल से गेहूं खरीदी प्रारंभ हुई, जो 28 मई तक चली। खरीदी अभियान के सफल संचालन से जिले के किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो।