भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए ग्राम पंचायतों की पहल, सकोरों में भराया जा रहा पानी


निवाड़ी। जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत निवाड़ी की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पक्षियों के लिए पेयजल उपलब्ध कराने की सराहनीय पहल की गई है। अभियान के तहत ग्राम पंचायतों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, पेड़ों, शासकीय भवनों तथा सामुदायिक भवनों पर मिट्टी के सकोरे टांगे गए हैं, जिनमें प्रतिदिन ताजा पानी भरा जा रहा है।
गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए पक्षियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान का उद्देश्य केवल जल संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देना भी है।
उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की है कि वे भी अपने घरों के बाहर, छतों और आंगनों में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें। इससे गर्मी के मौसम में पक्षियों को राहत मिलेगी और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही इस पहल को लोगों का सहयोग मिल रहा है। सकोरों में पानी रखने की व्यवस्था से पक्षियों को जीवनदायी सहारा मिलने के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है।