___________________________________________
निवाड़ी। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने जिलेवासियों को तम्बाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए युवाओं से तम्बाकू उत्पादों से दूर रहने की अपील की है।
कलेक्टर ने अपने संदेश में कहा कि तम्बाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों संबंधी बीमारियों सहित अनेक गंभीर एवं जानलेवा रोगों का प्रमुख कारण है। उन्होंने बताया कि एक बार तम्बाकू की लत लग जाने पर इससे छुटकारा पाना बेहद कठिन हो जाता है, इसलिए शुरुआत से ही इससे दूरी बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आग्रह किया कि वे धूम्रपान, गुटखा, खैनी एवं अन्य तम्बाकू उत्पादों का सेवन न करें। तम्बाकू न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति को भी प्रभावित करता है।
कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य निवाड़ी को तम्बाकू मुक्त जिला बनाना है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए स्कूलों, महाविद्यालयों एवं पंचायत स्तर पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे स्वयं तम्बाकू का सेवन न करने का संकल्प लें तथा अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें, ताकि एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।

