
___________________________________________
निवाड़ी। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम कार्य दिवस पर राष्ट्र-गीत वंदे मातरम एवं राष्ट्रगान जन-गण-मन के सामूहिक गायन की परंपरा के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जून माह के कार्यों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की उपस्थिति में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम और जन-गण-मन का गायन किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने कहा कि राष्ट्र-गीत हमें मातृभूमि के प्रति सम्मान, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम’ ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों में एकता और देशप्रेम की भावना को सशक्त बनाया था। आज भी यह गीत नागरिकों में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध और गौरव का भाव जागृत करता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र-गीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ जून माह के कार्यों की शुरुआत करते हुए देश सेवा और अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

