डूडा की कमान संभालते ही सक्रिय हुईं विनीता जैन, शहरी योजनाओं की समीक्षा कर दिए निर्देश

निवाड़ी। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के आदेशानुसार डिप्टी कलेक्टर सुश्री विनीता जैन ने मंगलवार को जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा), निवाड़ी के परियोजना अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण कर लिया। प्रभार ग्रहण करने पर कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
प्रभार संभालने के बाद सुश्री जैन ने विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की तथा अधिकारियों को विभिन्न शहरी विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य शहरी विकास योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा एवं गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समन्वय के साथ कार्य करें।
सुश्री जैन ने कहा कि वे डिप्टी कलेक्टर के दायित्वों के साथ-साथ डूडा परियोजना अधिकारी की जिम्मेदारी भी पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगी, जिससे जिले में शहरी विकास कार्यों को और अधिक गति मिल सके।