24 घंटे में अपहृत नाबालिग बरामद, ओरछा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

निवाड़ी। चौकी नाराईनाका एवं थाना ओरछा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को महज 24 घंटे के भीतर सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने पूरी टीम को बधाई दी है।
जानकारी के अनुसार 31 मई 2026 को एक फरियादी ने चौकी नाराईनाका में अपनी 15 वर्ष 8 माह की नाबालिग पुत्री के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में अज्ञात व्यक्ति द्वारा बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका व्यक्त की गई थी। मामले में थाना ओरछा में अपराध क्रमांक 250/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने नाबालिग की शीघ्र बरामदगी के लिए 2,000 रुपये के इनाम की घोषणा की थी। उनके निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति ठाकुर, एसडीओपी के.के. पांडेय एवं थाना प्रभारी जितेंद्र गुर्जर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए अपहृत बालिका को जतारा क्षेत्र से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। इसके बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस सराहनीय कार्रवाई में उपनिरीक्षक टिंकल यादव, प्रधान आरक्षक विक्रम सिंह, प्रधान आरक्षक उपेंद्र कुमार, आरक्षक शिव सिंह, महिला आरक्षक ज्योति नरवरिया, विशाल सोनी, रविन्द्र यादव सहित समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।