
निवाड़ी। निवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी कैप्टन सुरेंद्र सिंह यादव ने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल वीर बिलिंग से एकल पैराग्लाइडिंग कर साहस और रोमांच का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने समुद्र तल से लगभग 2,460 मीटर की ऊंचाई से उड़ान भरते हुए करीब 30 मिनट तक हवा में रोमांचक सफर तय किया।
वीर बिलिंग को देश-दुनिया में पैराग्लाइडिंग के प्रमुख केंद्रों में गिना जाता है। हरी-भरी पहाड़ियों और प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे इस क्षेत्र में हर वर्ष बड़ी संख्या में साहसिक खेल प्रेमी पहुंचते हैं। इसी स्थल से कैप्टन सुरेंद्र सिंह यादव ने एकल पैराग्लाइडिंग कर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई।
कैप्टन यादव ने बताया कि ऊंचाई से उड़ान भरते हुए पर्वतीय वादियों और प्राकृतिक दृश्यों को नजदीक से देखने का अवसर मिला, जो उनके जीवन के सबसे यादगार अनुभवों में से एक है। उन्होंने कहा कि 58 वर्ष की आयु में इस प्रकार की साहसिक गतिविधि में भाग लेना अपने आप में चुनौतीपूर्ण था, लेकिन सफल उड़ान के बाद उन्हें विशेष संतोष और उत्साह का अनुभव हुआ।
उन्होंने बताया कि लगभग 30 मिनट तक चले इस रोमांचकारी सफर के दौरान हरी-भरी पहाड़ियों, घाटियों और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत नजारा देखने को मिला। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

