मां के नाम लगाया एक पेड़, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प: केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार


निवाड़ी। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ जिले में चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री एवं टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने विधायक निवाड़ी अनिल जैन, सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया, कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया तथा अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधे लगाए। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि पेड़ लगाना पर्यावरण संरक्षण का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। मां हमें जीवन देती है और पेड़ हमें जीवनदायिनी हवा प्रदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि “जीवन का मूल आधार पेड़” केवल एक नारा नहीं, बल्कि हमारे अस्तित्व की सच्चाई है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पेड़ लगाकर कम से कम तीन वर्ष तक उसकी देखभाल करे तो निवाड़ी जिले की तस्वीर बदल सकती है और जिला स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ बन सकता है।
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले में वृहद स्तर पर पौधारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। सभी विभागों और पंचायतों में पौधारोपण के लिए गड्ढे तैयार कराए जा रहे हैं। जनसहयोग से निवाड़ी को हराभरा बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम में एसडीएम अशोक कुमार सेन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।