देवेंद्र चौरसिया ने हासिल की पीएचडी, रक्त व अंगदान प्रबंधन पर किया महत्वपूर्ण शोध

रक्त व अंगदान प्रबंधन पर शोध के लिए देवेंद्र चौरसिया को पीएचडी की उपाधि

निवाड़ी। नगर के युवा शोधार्थी देवेंद्र चौरसिया को कंप्यूटर विज्ञान एवं अनुप्रयोग विषय में उनके शोध कार्य के लिए पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है। उनका शोध विषय “रक्त एवं अंगदान प्रबंधन में दक्ष दाता पहचान एवं वर्गीकरण रणनीतियों के माध्यम से क्रांतिकारी परिवर्तन” रहा, जिसे विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उपयोगी एवं नवाचारपूर्ण बताया है।
शोध में रक्त एवं अंगदान व्यवस्था को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं जनोपयोगी बनाने पर विशेष बल दिया गया है। इसमें संभावित दाताओं की त्वरित एवं सटीक पहचान तथा उनके वैज्ञानिक वर्गीकरण की उन्नत रणनीतियों का प्रतिपादन किया गया है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उपयुक्त दाताओं तक शीघ्र पहुंच सुनिश्चित की जा सके।
देवेंद्र चौरसिया नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी गोपाल चौरसिया के पुत्र एवं भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल अध्यक्ष कमलेश चौरसिया के अनुज हैं। उनकी इस उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष और गौरव का वातावरण है।
परिजनों, गुरुजनों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने देवेंद्र चौरसिया को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने की प्रेरणा बनकर उभरी है।