मां की हत्या का पर्दाफाश: कलयुगी बेटे ने पत्थर से कुचलकर की थी हत्या, गिरफ्तार

___________________________________________


निवाड़ी। जिले के थाना सेंदरी अंतर्गत चौकी तरीचरकला पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतका के ही बेटे को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी मां से परेशान होकर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या करना स्वीकार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चचावली निवासी रामप्रकाश अहिरवार की पत्नी रामकली अहिरवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने पर चौकी तरीचरकला में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को खून से सना पत्थर एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। जांच में सामने आया कि घटना के समय मृतका के साथ उसका बड़ा बेटा महेश अहिरवार मौजूद था। साथ ही परिजनों एवं स्वतंत्र साक्षियों ने बताया कि महेश का अपनी मां से अक्सर विवाद होता था तथा घटना के बाद वह घर भी नहीं लौटा था।
संदेह के आधार पर पुलिस ने महेश अहिरवार (38) निवासी ग्राम चचावली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी मां की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों से घटना से संबंधित साक्ष्य बरामद किए।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति ठाकुर एवं एसडीओपी कृष्ण कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक संदीप यादव, प्रधान आरक्षक संजय शुक्ला, आरक्षक अनार सिंह, अंकेश रावत, राजेश चौहान, विजय वर्मा, अभिनेष यादव तथा महिला आरक्षक माधुरी अहिरवार ने मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।