अड़जार धाम में आज से गूंजेंगे धार्मिक अनुष्ठान, 7 सितंबर को मोनी महाराज की दशमी पुण्यतिथि पर विशाल भंडारा

निवाड़ी। बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रख्यात संत श्री मोनी महाराज जी की दशमी पुण्यतिथि आगामी 7 सितंबर को उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित अड़जार धाम आश्रम में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाई जाएगी। पुण्यतिथि के अवसर पर आश्रम परिसर में आज से सात दिवसीय धार्मिक आयोजनों का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ होगा।
उल्लेखनीय है कि बुंदेलखंड के प्रख्यात संत श्री मोनी महाराज जी ने अड़जार बांध स्थित आश्रम में लगभग 40 वर्षों तक मौन व्रत धारण कर भगवान की साधना की। वर्ष 2016 में उनके देवलोक गमन के बाद से प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं द्वारा उनकी पुण्यतिथि आश्रम परिसर में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाई जाती है।
इस वर्ष भी पुण्यतिथि के अवसर पर 1 सितंबर से सात दिवसीय श्री विष्णु महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ होगा। आयोजन कार्यक्रम के अनुसार 2 सितंबर को मंडप प्रवेश एवं अग्नि स्थापना की जाएगी, जबकि 3 सितंबर से विधिवत श्री विष्णु महायज्ञ प्रारंभ होगा।
सात दिवसीय धार्मिक आयोजन का समापन 7 सितंबर को श्री विष्णु महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ होगा। इसी दिन श्री मोनी महाराज जी की दशमी पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी तथा श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्र सहित उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।