भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक रूप से सशक्त राष्ट्र के रूप में निरंतर आगे बढ़ रहा है। देश विश्व बंधुत्व और सहयोग की भावना के साथ राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत की विकास यात्रा केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि देश अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में जिस प्रकार भव्यता और आस्था का वातावरण बना है, उसी तरह मथुरा में भी भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर दिव्यता और भव्यता का विस्तार हो, यह हमारा संकल्प है।
उन्होंने कहा कि “अयोध्या में श्रीराम जी की तरह मथुरा में भी भगवान श्रीकृष्ण मुस्कुराएं”, इसी संकल्प के साथ मध्यप्रदेश और देश आगे बढ़ रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेम, कर्म, धर्म, लोककल्याण और राष्ट्रहित की प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक परंपराओं और आधुनिक विकास के समन्वय के साथ एक सशक्त एवं समृद्ध राष्ट्र की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने देशवासियों से राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए विकास यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया।

