
निवाड़ी। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने ओरछा तहसील क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 42 लीटर हाथभट्टी की कच्ची शराब और 25 पाव देसी सादा मदिरा जब्त की है। टीम ने मौके से 100 किलोग्राम महुआ लहान भी बरामद कर नष्ट कराया। कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल पांच प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
जिला प्रशासन के निर्देश पर यह कार्रवाई 26 सितंबर को ओरछा तहसील के ग्राम बसोबा, प्रतापपुरा, सीतापुर, कुम्हारा भाटा सहित अन्य क्षेत्रों में की गई। आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब के निर्माण एवं संग्रहण की सूचना पर संबंधित स्थानों पर दबिश देकर शराब और महुआ लहान बरामद किया।
कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती अमृता जैन के मार्गदर्शन में वृत्त प्रभारी श्रीमती सपना यादव के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के दौरान 42 लीटर हाथभट्टी कच्ची मदिरा तथा 25 पाव देसी प्लेन मदिरा जब्त की गई। इसके साथ ही 100 किलोग्राम महुआ लहान बरामद कर मौके पर नष्ट किया गया।
आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने लोगों से भी अवैध शराब के कारोबार से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि अवैध मदिरा का कारोबार कानूनन अपराध होने के साथ ही स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर रूप से नुकसानदायक है।
इस कार्रवाई में आबकारी प्रधान आरक्षक महेंद्र राय, आबकारी आरक्षक देवेन्द्र कुमार, अवधेश अहिरवार, शुभम चौधरी, शाहिल अग्रवाल और पहलाद प्रजापति की सक्रिय भूमिका रही। विभाग ने अवैध मदिरा के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

