


निवाड़ी। किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज, आधुनिक कृषि यंत्र और बेहतर कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी आय में वृद्धि करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। कृषि को केवल जीविकोपार्जन का साधन न मानकर किसानों के लिए लाभ का व्यवसाय बनाया जाना चाहिए। कृषि क्षेत्र आने वाले समय में प्रदेश की अर्थव्यवस्था का मजबूत स्तंभ और सबकी समृद्धि की सबसे बड़ी गारंटी बनने जा रहा है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को बलराम कृषि महोत्सव के अवसर पर निवाड़ी में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में मौजूद किसानों से संवाद किया और कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 को प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके माध्यम से पूरे वर्ष किसानों के हित में निरंतर कार्यक्रम और गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि किसानों को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों से जोड़कर खेती को अधिक लाभकारी बनाया जाए।
दूध, श्रीअन्न, मत्स्य पालन और उद्यानिकी में करें नई शुरुआत
मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि वे अपनी रुचि और क्षेत्र की संभावनाओं के अनुसार दुग्ध उत्पादन, श्रीअन्न उत्पादन, मत्स्य पालन और उद्यानिकी सहित अन्य कृषि आधारित गतिविधियों में नई शुरुआत करें। उन्होंने कहा कि सरकार फील्ड से लेकर फैक्ट्री तक किसानों के साथ खड़ी है। बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से किसान कृषि वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर नई तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों और बेहतर उत्पादन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि उन्नत बीज, आधुनिक कृषि उपकरण और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने से उत्पादन बढ़ाने के साथ खेती की लागत को भी कम किया जा सकता है। सरकार परंपरागत खेती के साथ प्राकृतिक एवं जैविक खेती को भी बढ़ावा दे रही है। प्राकृतिक खेती के माध्यम से किसान कम लागत में गुणवत्तापूर्ण उत्पादन प्राप्त कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं।
किसानों को एक वर्ष में ऋण चुकाने की सुविधा
मुख्यमंत्री ने किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। खरीफ एवं रबी फसलों के लिए ऋण चुकाने की अवधि, जो पहले छह-छह माह निर्धारित थी, उसे बढ़ाकर अब एक वर्ष कर दिया गया है। अब किसान जिस दिन ऋण लेगा, उस दिनांक से एक वर्ष की अवधि में ऋण चुका सकेगा। इससे किसानों को बार-बार बैंक जाने और लाइन में लगने की परेशानी से राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में ढाई करोड़ किसानों को सब्सिडी पर बीज उपलब्ध कराया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, आधुनिक कृषि तकनीक और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी आय में निरंतर वृद्धि की जाए।
सिंचाई, बिजली और अधोसंरचना पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को सिंचाई और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। कृषि क्षेत्र की आवश्यक अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और पात्र किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कृषि के साथ पशुपालन, पर्यटन और अन्य रोजगारपरक गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही। गौशालाओं एवं पशुपालन से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से भी ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रगतिशील किसानों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। देवेन्द्रपुरा के कृषक उदयभान कुशवाहा को संरक्षित खेती, पठाराम के सतीश बंशकार को औषधीय खेती, तरीचर कलां के सुरेश कुमार साहू को निजी कस्टम हायरिंग सेंटर, मड़िया खास के कुलदीप सिंह दांगी को ई-कृषि यंत्र अनुदान, टीला के अरविंद घोष को डेयरी प्लस, सुजानपुरा के सुरेंद्र कुमार यादव को गौ-मैत्री योजना, चचावली के लालाराम सूत्रकार को प्राकृतिक खेती तथा थौना के कैलाश नारायण केवट को मत्स्य बीज उत्पादन के लिए सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निवाड़ी की छात्रा शिवानी कुशवाहा को कक्षा 10वीं की परीक्षा में प्रदेश की प्रवीण सूची में नौवां स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जिले के अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अपेक्स बैंक भोपाल के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, प्रदेश प्रभारी बलराम कृषि महोत्सव कपिल दार्दे, विधायक निवाड़ी अनिल जैन, सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया, कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर नंदकिशोर नापित, कमलेश चौरसिया, पुष्पेंद्र प्रजापति सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत के सीईओ रोहन सक्सेना, एसडीएम अशोक कुमार सेन, उपसंचालक कृषि हरीश मालवीय, जी डी प्रजापति सचिव कृषि उपज मंडी समिति निवाड़ी,भरत राजवंशी अनुविभागीय कृषि अधिकारी, कृषि विस्तार अधिकारी विष्णु पाटीदार सहित संबंधित अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

