


निवाड़ी/ओरछा। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा में श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा रविवार को होटल और रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय वर्मा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने नगर के प्रमुख प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के रख-रखाव, स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता तथा सुरक्षा संबंधी मानकों का अवलोकन किया गया। टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने भी एकत्रित किए, जिन्हें विस्तृत परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ ही होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों के प्रति जागरूक करना है। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों से निर्धारित मानकों का पालन करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
विभाग ने स्पष्ट किया कि ओरछा जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और नमूना लेने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

