ओरछा में भाजपा प्रदेश कार्य समिति की दो दिवसीय बैठक शुरू, दिग्गज नेताओं का जुटान

ओरछा। भगवान श्रीराम राजा सरकार की नगरी ओरछा में रविवार को भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्य समिति की दो दिवसीय बैठक का विधिवत शुभारंभ हुआ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने ध्वजारोहण कर बैठक का शुभारंभ किया। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। बैठक स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को भी सामूहिक रूप से सुना गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल बैठक के आयोजन से एक दिन पूर्व ही ओरछा पहुंच गए थे। उन्होंने बैठक स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार सुबह से प्रदेशभर से आए प्रतिनिधियों का पंजीयन एवं स्वागत किया गया।
बैठक का कार्यक्रम प्रातः 9 बजे अल्पाहार एवं प्रतिनिधियों के पंजीयन के साथ प्रारंभ हुआ। इसके बाद सुबह 10:30 बजे प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने ध्वजारोहण कर प्रदेश कार्य समिति की बैठक का औपचारिक शुभारंभ किया। तत्पश्चात सरकार की उपलब्धियों से संबंधित प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया गया। सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना गया।
इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक उद्घाटन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न राजनीतिक प्रस्तावों एवं समसामयिक विषयों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, सामाजिक समरसता के संकल्प तथा विकसित भारत-2047 जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
प्रदेश कार्य समिति की बैठक में शामिल होने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी रविवार सुबह ओरछा पहुंचे। बैठक में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद गजेंद्र पटेल, सांसद विष्णु दत्त शर्मा सहित अनेक केंद्रीय एवं राज्य मंत्री, सांसद, विधायक तथा भाजपा संगठन के पदाधिकारी और कार्य समिति सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के प्रथम दिवस के समापन पर प्रदेशभर से आए प्रतिनिधियों ने भगवान श्रीराम राजा सरकार के दर्शन किए तथा ओरछा की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कार्यक्रमों का आनंद लिया। दो दिवसीय प्रदेश कार्य समिति की बैठक में संगठन की आगामी रणनीति और भविष्य की कार्ययोजना पर महत्वपूर्ण मंथन किया जा रहा है।