
निवाड़ी। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती पद्धतियों और कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार 9 सितंबर को प्रातः 11 बजे निवाड़ी कृषि उपज मंडी परिसर में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से जुड़कर किसानों से संवाद करेंगे। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
महोत्सव में कृषि प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें विभिन्न शासकीय एवं किसान हितैषी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों को शासन की योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों और खेती को अधिक लाभदायक बनाने के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
आधुनिक कृषि यंत्रों का होगा प्रदर्शन
कृषि प्रदर्शनी में किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों की उपयोगिता एवं उनके प्रभावी संचालन की जानकारी दी जाएगी। प्रदर्शनी में रीपर कम बाइंडर, डीएसआर मशीन, हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, स्मार्ट सीडर, स्ट्रॉ रीपर, थ्रेशर, लेजर लैंड लेवलर, सीड-कम-फर्टिलाइजर ड्रिल, रोटोकल्टीवेटर, रोटावेटर, पावर स्प्रेयर एवं प्लाऊ सहित अन्य कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया जाएगा।
कृषि विशेषज्ञ किसानों को इन यंत्रों के उपयोग, संचालन और कृषि कार्यों में उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी देंगे। इसके साथ ही प्राकृतिक एवं जैविक खेती, उन्नत कृषि पद्धतियों तथा फसल उत्पादन में आधुनिक तकनीकों के उपयोग को लेकर भी किसानों को जागरूक किया जाएगा।
सरकारी योजनाओं की मिलेगी जानकारी
महोत्सव में किसानों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, पात्रता और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री के लाइव संबोधन के दौरान किसानों को कृषि क्षेत्र में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों, आधुनिक खेती को बढ़ावा देने और किसान हित में संचालित योजनाओं के संबंध में मार्गदर्शन मिलेगा।
बलराम कृषि महोत्सव का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा कृषि उत्पादन एवं किसानों की आय बढ़ाने के लिए उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराना है।
कृषि विभाग ने क्षेत्र के किसानों से अपील की है कि वे बुधवार को निवाड़ी कृषि उपज मंडी परिसर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मुख्यमंत्री के लाइव संवाद का लाभ उठाएं और आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि यंत्रों तथा शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें।

