
निवाड़ी। जिले के कृषि विभाग में पदस्थ कृषि विस्तार अधिकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा। कृषि विस्तार अधिकारी संघ के तत्वावधान में जिला अध्यक्ष वरुण पाठक के नेतृत्व में अधिकारियों ने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर आवाज उठाई।
ज्ञापन में कृषि विस्तार अधिकारियों ने बताया कि उन्हें किसानों के खेतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लगातार विभागीय कार्य करना पड़ता है। ऐसे में ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता उनके लिए व्यावहारिक रूप से कठिन साबित हो रही है। अधिकारियों ने मांग की कि उनकी कार्यप्रणाली को देखते हुए ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता तत्काल समाप्त की जाए।
अधिकारियों ने बताया कि निवाड़ी जिले में कृषि विस्तार अधिकारियों के 39 पदों की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में जिले में मात्र 10 कृषि विस्तार अधिकारी पदस्थ हैं। कर्मचारियों की कमी के कारण मौजूद अधिकारियों पर अत्यधिक कार्यभार पड़ रहा है और उन्हें कई क्षेत्रों की जिम्मेदारी संभालनी पड़ रही है।
कृषि विस्तार अधिकारी संघ ने ज्ञापन के माध्यम से 2800 ग्रेड पे दिए जाने की भी मांग की। इसके अलावा अतिरिक्त कार्य के लिए वर्तमान में मिलने वाले 500 रुपये एग्री स्टेट भत्ते को बढ़ाकर 5000 रुपये किए जाने की मांग रखी गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिले के सभी कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे।

