

निवाड़ी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, निवाड़ी में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. एम.एन. खान के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुरु रविदास महाराज के समतामूलक विचारों, सामाजिक समरसता, मानवता, भाईचारे एवं समानता के संदेश से परिचित कराते हुए सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में विशेष वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. वीरेन्द्र अहिरवार ने गुरु रविदास महाराज के जीवन-दर्शन एवं सामाजिक चिंतन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समरस समाज का निर्माण केवल विचारों से नहीं, बल्कि व्यवहार में समानता, सम्मान और मानवीय संवेदनाओं को अपनाने से संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से संत रविदास के आदर्शों को जीवन में आत्मसात कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संयोजन संतोष रजक ने किया। डॉ. जितेन्द्र आरोलिया एवं डॉ. नीलम सिंह के मार्गदर्शन में भाषण एवं प्रश्न मंच प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए संत रविदास महाराज के विचारों, सामाजिक समरसता एवं समानता पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
भाषण प्रतियोगिता में वेद प्रकाश पांडे प्रथम, विशेष मिश्रा द्वितीय एवं भावना कुशवाहा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं प्रश्न मंच प्रतियोगिता में प्रिंस स्नेही प्रथम, सविता केवट द्वितीय एवं सुरेश अहिरवार तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम में तन्मय चतुर्वेदी, भावना कुशवाहा, मोहिनी कुशवाहा एवं अभय कुशवाह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

