गृह नगर ओरछा पहुंचे राज्यसभा सदस्य महेश केवट, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

ओरछा/निवाड़ी। मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य महेश केवट का मंगलवार को अपने गृह नगर भगवान श्री राम राजा सरकार की नगरी ओरछा में प्रथम आगमन हुआ। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों ने उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।
गृह नगर पहुंचने पर महेश केवट ने सर्वप्रथम भगवान श्री राम राजा सरकार के मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद नगर में ढोल-नगाड़ों और स्वागत जुलूस के साथ उनका अभिनंदन किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की बचत के लिए किए गए आह्वान का अनुसरण करते हुए महेश केवट ने चार पहिया वाहनों के लंबे काफिले से दूरी बनाकर ई-रिक्शा का उपयोग किया, जिसकी लोगों ने सराहना की।
इस अवसर पर महेश केवट ने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को राज्यसभा सदस्य जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना भगवान श्री राम राजा सरकार की कृपा और क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास और समृद्धि के लिए मील का पत्थर साबित होगी। योजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र के किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और बुंदेलखंड के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में विधायक अनिल जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया, सोनू कड़ा, प्रमोद तिवारी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।