
तरीचरकलाँ। निवाड़ी जिले के नगरीय क्षेत्र तरीचरकलाँ पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम उबौरा में एक सप्ताह के भीतर चोरी की दूसरी वारदात का प्रयास सामने आया है। हालांकि इस बार ग्रामीणों की सजगता के चलते चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और मौके से भाग निकले।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने एक बार फिर गांव के एक घर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। इसी दौरान ग्रामीणों को गतिविधियों की भनक लग गई और उन्होंने सतर्कता दिखाते हुए चोरों को पकड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों की सक्रियता के चलते चोर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा डायल 112 को दी गई। ग्रामीणों के अनुसार, सूचना देने के करीब 30 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करने के बजाय उनसे संदिग्ध चोरों के नाम और पहचान के संबंध में जानकारी मांगी गई।
पुलिस के इस रवैये को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि चोरों की पहचान और उनके नाम-पते की जानकारी भी ग्रामीणों को ही जुटानी है, तो पुलिस की भूमिका क्या रह जाती है। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और पूर्व में हुई चोरी की घटना के साथ ही इस प्रयास की भी गंभीरता से जांच करने की मांग की है।
गौरतलब है कि ग्राम उबौरा में एक सप्ताह के भीतर चोरी की यह दूसरी घटना सामने आई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के प्रयास से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। वहीं, इस मामले के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और गश्त व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

