ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में सागर की बेटी यामिनी मौर्य ने जीता रजत पदक, प्रदेश का बढ़ाया मान

57 किग्रा जूडो स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन, वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में भी रचा था इतिहास

भोपाल/सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले की प्रतिभाशाली जूडो खिलाड़ी यामिनी मौर्य ने अपने अनुशासन, दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम के दम पर ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की महिलाओं की 57 किलोग्राम जूडो स्पर्धा में रजत पदक जीतकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है।
यामिनी की यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि इससे पहले वह वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में भारत के लिए ऐतिहासिक प्रदर्शन कर चुकी हैं। उनकी लगातार मिल रही सफलताएं यह साबित करती हैं कि मध्यप्रदेश की बेटियां खेल जगत में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं।
यामिनी की इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रदेशभर में हर्ष का माहौल है। उनकी उपलब्धि को प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायी बताया जा रहा है। इस सफलता का श्रेय उनके कोच श्री दीपक कुमार के समर्पण और उत्कृष्ट प्रशिक्षण को भी दिया जा रहा है, जिनके मार्गदर्शन में यामिनी ने यह मुकाम हासिल किया।
यामिनी मौर्य, उनके कोच दीपक कुमार तथा पूरी प्रशिक्षण टीम को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही हैं। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।