चुरारा में जिला अस्पताल शुरू होने के बाद निवाड़ी के स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
मुख्य बाजार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को यथावत संचालित करने और ट्रामा सेंटर बनाने की मांग

निवाड़ी। ग्राम चुरारा में जिला चिकित्सालय शुरू होने के बाद निवाड़ी नगर की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नगर के मुख्य बाजार में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय स्तर पर चिंता जताई जा रही है। इस संबंध में महिला कांग्रेस की प्रदेश संगठन मंत्री श्रीमती संगीता राजेश तिवारी ने स्वास्थ्य केंद्र को प्रभावी रूप से संचालित करने तथा यहां ट्रामा सेंटर शुरू किए जाने की मांग की है।
श्रीमती तिवारी ने कहा कि नगर के बीचों-बीच स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंबे समय से स्थानीय नागरिकों के लिए प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। मुख्य बाजार में स्थित होने के कारण व्यापारियों, राहगीरों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आवश्यकता पड़ने पर यहां तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि चुरारा में जिला चिकित्सालय का संचालन अपनी जगह महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके कारण निवाड़ी नगर के मुख्य बाजार स्थित स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ, आवश्यक दवाइयां और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराकर इसे प्रभावी रूप से संचालित किया जाना चाहिए।
श्रीमती तिवारी ने कहा कि नगर के बीच स्थित इस स्वास्थ्य केंद्र में ट्रामा सेंटर शुरू किया जाना भी आवश्यक है। सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपात परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सकेगा तथा गंभीर मरीजों को आगे रेफर करने से पहले प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
उन्होंने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से मुख्य बाजार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को यथावत बनाए रखने तथा यहां ट्रामा सेंटर शुरू करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।